युवाओं की सक्रिय भागीदारी से टीबी उन्मूलन अभियान को मिलेगी नई गति
धनबाद: भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर जोश टीम्स (जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जोश टीम्स के लोगो एवं मोबाइल ऐप का भी राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ हुआ।
इसी कड़ी में धनबाद में विधायक प्रतिनिधि अभिषेक पांडे, वार्ड पार्षद लक्ष्मी देवी, जिला युवा पदाधिकारी सूर्यकांत कुमार, अदाणी फाउंडेशन के प्रदीप पांडे, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रेखा कुमारी एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी धनबाद के चेयरमैन कौशलेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर जोश टीम्स अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं कर्मियों ने टीबी उन्मूलन के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
जोश टीम्स के माध्यम से युवाओं को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और पूर्ण उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही टीबी मरीजों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने, उनका मनोबल बढ़ाने तथा समाज में टीबी को लेकर व्याप्त भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने के लिए युवाओं को प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रेखा कुमारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। जोश टीम्स के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा, तकनीकी दक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक-संस्थागत संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
विधायक प्रतिनिधि अभिषेक पांडे ने कहा कि युवाओं की सक्रिय सहभागिता से समुदाय स्तर पर टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और मरीजों को आवश्यक सहयोग मिल सकेगा। सामूहिक प्रयासों से टीबी मुक्त धनबाद, टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
कार्यक्रम में पार्षद लक्ष्मी देवी, जिला यक्ष्मा केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी , जिला कार्यक्रम समन्वयक कौशलेंद्र कुमार सिंह, खुशबू कुमारी, डीडीपीएम मजहर, जिला युवा पदाधिकारी सूर्यकांत कुमार, डीइओ राजेश कुमार, एनटीइपी काउंसलर सरिता कुमारी, नौशाद अंसारी एस टी एल एस, तनवीर आलम टी बी एच एम, कल्याण सिंह बीएएम, एनसीसी के सीटीओ डॉ. दिव्या चंद्र दुबे एवं सी टी ओ अमित कुमार सिंह सहित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता की।
जिला यक्ष्मा नियंत्रण समिति, धनबाद ने संबंधित पदाधिकारियों, युवा प्रतिनिधियों, एनसीसी, एनएसएस एवं सभी एनटीइपी कर्मियों से जोश टीम्स अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और इसमें सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
जोश टीम्स के माध्यम से युवाओं को टीबी उन्मूलन की मुहिम का सक्रिय भागीदार बनाकर समुदाय में जागरूकता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जाएगा। इससे टीबी मुक्त धनबाद, टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में चल रहे प्रयासों को और गति मिलने की उम्मीद है।