धनबाद में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, DJ पर रोक और ट्रैफिक व्यवस्था के सख्त निर्देश

Share This News

नमस्कार, स्वागत है आप सभी का कुसुम न्यूज़ में।

आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर धनबाद थाना परिसर में पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्यों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने की। इस दौरान पूजा समितियों के आयोजकों की समस्याएं सुनी गईं और पूजा से लेकर विसर्जन तक की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा और विसर्जन जुलूस के रूट को लेकर पूजा समितियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती होती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों, पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों पर जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और जाम की स्थिति से बचा जा सके।

वहीं, डीजे और तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर को लेकर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा और विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। सभी पूजा समितियों को नियमों का पालन करने और इसके लिए सहमति पत्र देने का निर्देश दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित समितियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, विसर्जन जुलूस को व्यवस्थित रखने के लिए रूट चार्ट पर भी चर्चा हुई। पूजा समितियों से जुलूस के प्रारंभिक स्थान, विभिन्न मोहल्लों से गुजरने वाले रास्तों और विसर्जन स्थल तक के मार्ग की जानकारी ली गई।

श्रद्धालुओं की सुविधा और ट्रैफिक जाम से बचाव के लिए आसपास पार्किंग स्थल चिह्नित करने पर भी जोर दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी ने बताया कि शहर के संवेदनशील इलाकों और अंधेरे वाले स्थानों पर पुलिस की निगरानी जारी है। दुर्गापूजा के दौरान संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए विशेष बाइक पेट्रोलिंग दस्ता भी तैनात किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान नियमों का पालन करें और शांति, सद्भाव तथा आपसी भाईचारे के साथ दुर्गापूजा मनाएं।

धनबाद में दुर्गापूजा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ पूजा समितियों और आम नागरिकों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है।

कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर

Leave a comment