कुसुम न्यूज़ में आपका स्वागत है।
धनबाद से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां विश्वविद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली, टेंडर प्रक्रिया और प्रशासनिक एवं वित्तीय पारदर्शिता को लेकर आजसू छात्र संघ ने सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को प्रदेश महासचिव विशाल महतो के नेतृत्व में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से विभिन्न मामलों में स्पष्ट जवाब और संबंधित अभिलेख सार्वजनिक करने की मांग की। आजसू छात्र संघ ने आउटसोर्सिंग मैनपावर टेंडर में MSME इकाइयों को मिलने वाली निर्धारित छूट लागू करने, टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर देने की मांग की। वहीं, सीनेट बैठक में लेदर बैग, भोजन और अन्य मदों में हुए खर्च का पूरा मदवार विवरण सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई गई। संगठन ने बार-बार शॉर्ट कोटेशन के जरिए होने वाले खर्चों की जानकारी, स्वीकृति प्रक्रिया और भुगतान का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। इसके अलावा आगामी दीक्षांत समारोह में सभी पात्र छात्रों को शामिल होने का अवसर देने की मांग रखी गई। आजसू छात्र संघ ने विश्वविद्यालय के कुलपति और कुलसचिव से प्रशासनिक एवं वित्तीय मामलों में उठ रहे सवालों पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रबंधन को पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए स्पष्ट जानकारी तथा संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक करने चाहिए। प्रेस वार्ता में विक्की कुमार, रौनक राज, मलय रवानी, कबीर यादव, विजय महतो, चिंटू गोप, भीम महतो, राकेश महतो और राज हाजरा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
“कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर