कुसुम न्यूज़ में आपका स्वागत है।
पाकुड़ से इस वक्त की बड़ी खबर है, जहां पश्चिम बंगाल के मालदा जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मालदा के 26 नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य पाकुड़ के एक होटल में ठहरे हुए हैं, जहां शुक्रवार देर रात मालदा पुलिस के पहुंचने के बाद विवाद और हंगामे की स्थिति बन गई। जानकारी के मुताबिक, मालदा जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए 6 अक्टूबर को चुनाव होना है। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि कुछ नवनिर्वाचित सदस्यों को कथित तौर पर जबरन पाकुड़ लाया गया है। इस सूचना के आधार पर मालदा पुलिस पाकुड़ पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से होटल में दाखिल हुई। सदस्यों को अपने साथ ले जाने के प्रयास की बात सामने आने पर जिप सदस्यों ने विरोध किया और कहा कि वे अपनी इच्छा से पाकुड़ आए हैं। इसी दौरान पुलिस और सदस्यों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिसके बाद पाकुड़ पुलिस ने हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रित किया। वहीं, नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य सागरिका सरकार ने आरोप लगाया कि 6 अक्टूबर के चुनाव से पहले सदस्यों पर पुलिस के माध्यम से दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने महिला सदस्यों के साथ कथित दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मालदा पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मालदा जिला परिषद में कुल 43 सीटें हैं। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार तृणमूल कांग्रेस के 34, कांग्रेस के 5 और भाजपा के 4 सदस्य निर्वाचित हुए हैं। होटल में मौजूद सदस्यों में कांग्रेस के 5 और तृणमूल कांग्रेस के 19 सदस्य होने का दावा किया गया है। घटना के बाद होटल के बाहर पुलिस की तैनाती बनी हुई है और पाकुड़ पुलिस भी स्थिति पर नजर रख रही है। फिलहाल सभी की नजर मालदा पुलिस के आधिकारिक बयान पर है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि पुलिस किस सूचना और कानूनी आधार पर पाकुड़ पहुंची थी। कुसुम न्यूज़ के लिए पाकुड़ से यह पूरी खबर।
“कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर