समय पर परीक्षा, रिजल्ट और एफ वाईयूजी सिलेबस उपलब्ध कराने की मांग; आंदोलन तेज करने की चेतावनी
धनबाद। छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे साहिल अली ने बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय प्रशासन पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में छात्रों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
साहिल अली ने कहा कि समय पर परीक्षाएं नहीं होना, परीक्षा परिणाम जारी करने में देरी, कॉलेजों में शिक्षकों की कमी, एफवाईयूजी का पूरा सिलेबस उपलब्ध नहीं होना तथा कॉलेजों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र अब केवल आश्वासन के आधार पर शांत नहीं बैठेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों के साथ तत्काल वार्ता कर उनकी मांगों पर लिखित और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
छात्र नेता रोहित पाठक ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने आंदोलन को नजरअंदाज किया या केवल आश्वासन देकर छात्रों को गुमराह करने का प्रयास किया, तो आंदोलन को और व्यापक एवं चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि छात्र पीछे हटने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जायज मांगों के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जब तक मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
साहिल अली ने छात्रों से एकजुट होकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।