रैयत-विस्थापितों को नियोजन नहीं मिला तो 25 सितंबर से चक्का जाम: पवन महतो

Share This News

गोंदूडीह कोलियरी में असंगठित मजदूर मोर्चा का एकदिवसीय धरना

धनबाद (तेतुलमारी) :कुसुंडा क्षेत्र के गोंदूडीह कोलियरी में 15 सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार को असंगठित मजदूर मोर्चा की ओर से एकदिवसीय धरना दिया गया। धरना की अध्यक्षता कैलाश रवानी ने की, जबकि संचालन अनिल गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में मोर्चा के जिला सचिव पवन महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
धरना को संबोधित करते हुए पवन महतो ने कहा कि गोंदूडीह कोलियरी में एसटीजी आउटसोर्सिंग कंपनी ने अपना काम शुरू कर दिया है। मोर्चा की ओर से 13 जुलाई को प्रबंधन को पत्र देकर सौहार्दपूर्ण वार्ता के लिए आग्रह किया गया था, लेकिन डेढ़ माह बीत जाने के बावजूद प्रबंधन की ओर से वार्ता नहीं की गई। इससे आक्रोशित होकर मोर्चा को धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि 25 सितंबर तक प्रबंधन ने वार्ता कर मांगों का समाधान नहीं किया तो अनिश्चितकालीन चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर कंपनी द्वारा कार्य एवं ट्रांसपोर्टिंग की जा रही है, वहां मोर्चा से जुड़े रैयतों की भूमि है। ऐसे में रैयतों को नियोजन और उनका उचित हक मिलना चाहिए।
मोर्चा ने परियोजना के आसपास के ग्रामीणों को 75 प्रतिशत रोजगार योजना के तहत जोड़कर नियोजन समेत अन्य लाभ देने, कोल माइंस एक्ट 1952 की धारा 30 के तहत आउटसोर्सिंग में मजदूरों से आठ घंटे कार्य लेने तथा सभी कार्यरत मजदूरों को नियमित रूप से न्यूनतम मजदूरी का भुगतान करने की मांग की।
धरना में सुभाष रवानी, अशोक यादव, प्रिंस सिंह, भगवान राम, राजू रवानी, अरढेदु दत्ता, सुनील रामदास, दिनेश भुईया, अधिक यादव, भागीरथ यादव, सोमनाथ दत्ता, सुशील कुमार दत्ता, टार्जन भुईया, रमेश भुईया, कृष्ण दास, अजीत दास, करण भुईया, कुंदन यादव, मनोज यादव, राजेश भुईया, रंजीत बाउरी, शंकर यादव, बच्चू तुरी, छोटू मल्लाह समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

Leave a comment