माखन चोरी, वंशी चोरी और रासलीला की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन; शिक्षिकाओं ने सजाईं आकर्षक झांकियां
राजगंज( धनबाद):जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बड्स गार्डेन स्कूल, राजगंज में गुरुवार को नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर भक्ति और उल्लास का अद्भुत रंग बिखेरा। विद्यालय परिसर में राधा-कृष्ण साज-सज्जा, माखन चोरी, वंशी चोरी और रासलीला सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और मासूम अदाओं ने उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया।
विद्यालय की नर्सरी और केजी कक्षाओं के अनेक बच्चों के अभिभावक अपने बच्चों को राधा और कृष्ण के आकर्षक रूप में सजाकर विद्यालय लेकर पहुंचे। नन्हे कृष्ण मुकुट, बांसुरी और पीतांबर में तो राधा रंग-बिरंगे परिधानों में बेहद मनमोहक नजर आईं। विद्यालय की शिक्षिकाओं के सहयोग से परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप एवं जन्माष्टमी से जुड़ी सुंदर झांकियां भी तैयार की गईं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने राधा-कृष्ण, गोपियों एवं कृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। माखन चोरी और वंशी चोरी की प्रस्तुतियों के साथ रासलीला ने विशेष आकर्षण पैदा किया। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए उन्हें मिठाई, चॉकलेट और अन्य उपहार भी दिए गए।
जूनियर कक्षाओं की शिक्षिकाओं सविता, श्वेता जॉन, स्वाति कुटरियार, नंदिनी, तान्या, रिमझिम गौरी, बिना और निभा सहित अन्य शिक्षिकाओं ने बच्चों को तैयार कराने और सुंदर झांकियां सजाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्राचार्य प्रमोद चौरसिया और चेयरमैन अमर कुमार पाल ने सभी बच्चों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और धार्मिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।