‘भगवान का स्वरूप हैं ये बच्चे’-अर्चना अग्रवाल ने बढ़ाया दिव्यांग बच्चों का हौसला

Share This News

पहला कदम में जन्माष्टमी की धूम, राधा-कृष्ण के रूप में बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुति

प्रतिभावान बच्चों को स्कूल बैग देकर किया सम्मानित

धनबाद: नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग विद्यालय पहला कदम में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भावनाओं से सराबोर माहौल में मनाया गया। राधा-कृष्ण के रूप में सजे विशेष बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल की धर्मपत्नी एवं दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्ष अर्चना अग्रवाल ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा ये बच्चे भगवान का स्वरूप हैं। इनकी सेवा करना ईश्वर की सेवा के समान है।
कार्यक्रम में दीक्षा महिला मंडल की सदस्य सुनीता सिंह, सरिता अग्रवाल, सरस्वती सिंह, नीलू कुमार एवं संघमित्तल राय तथा स्कूल के सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद विद्यालय के दिव्यांग बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा के रूप में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, कृष्ण लीला और भक्ति गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।पहला कदम पूरे झारखंड के लिए प्रेरणा का केंद्र
विद्यालय का अवलोकन करने के बाद अर्चना अग्रवाल ने कहा कि पहला कदम दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अद्भुत और संवेदनशील कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान केवल धनबाद ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए प्रेरणा का केंद्र है।
उन्होंने एक ही परिसर में स्कूलिंग, ट्रेनिंग, रिहैबिलिटेशन सेंटर और वोकेशनल ट्रेनिंग जैसी सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखारकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकें। बच्चों को हुनर से जोड़कर स्वावलंबी बनाने की पहल बेहद सराहनीय है।
अर्चना अग्रवाल ने बच्चों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि वह स्वयं भी इस कार्य से जुड़ेंगी और अन्य लोगों को भी सहयोग के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतिभावान बच्चों को स्कूल बैग, सभी के बीच बंटी मिठाई
जन्माष्टमी समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों को स्कूल बैग देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी बच्चों के बीच मिठाइयां बांटी गईं और केक काटकर जन्माष्टमी का उत्सव मनाया गया। शिक्षक, अभिभावक, अतिथि और बच्चे कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए।
कार्यक्रम के समापन पर स्कूल परिवार की ओर से मुख्य अतिथि अर्चना अग्रवाल को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की सचिव अनीता अग्रवाल ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि समाज के सहयोग से दिव्यांग बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Leave a comment