श्वेता किन्नर ने उदय प्रताप सिंह को बांधी राखी, भाई-बहन के रिश्ते ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश

Share This News

धनबाद: सामाजिक कार्यकर्ता एवं झारखंड ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड की सदस्य श्वेता किन्नर ने रक्षाबंधन के अवसर पर समाजसेवी एवं श्री राम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह के आवास पर पहुंचकर उन्हें राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान दोनों ने भाई-बहन के रिश्ते को सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदना का प्रतीक बताया।इस अवसर पर श्वेता किन्नर ने कहा कि रक्षाबंधन जाति, लिंग और सामाजिक भेदभाव से परे अपनेपन और स्नेह का पर्व है। इसका दायरा केवल खून के रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी मानवता तक फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी सम्मान, प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करना ही इस पर्व का वास्तविक संदेश है।राखी बांधने के बाद उदय प्रताप सिंह ने श्वेता किन्नर को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने संकल्प लेते हुए कहा कि जब तक उनका जीवन रहेगा, वे अपनी बहन की रक्षा और सहयोग के लिए हमेशा खड़े रहेंगे तथा किसी भी कठिन परिस्थिति में उनका साथ देंगे।उदय प्रताप सिंह ने समस्त देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है।
इस अवसर पर उदय प्रताप सिंह की पत्नी रेनू सिंह, पुत्र श्वेताभ सिंह एवं पुत्री श्रेया सिंह ने श्वेता किन्नर का स्वागत एवं सम्मान किया।

Leave a comment