धनबाद:प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार, 25 अगस्त को ब्रह्माकुमारीज़ धनबाद के डॉक्टर्स कॉलोनी, जगजीवन नगर स्थित मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चले शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर एसएनएमएमसीएच के अधीक्षक डॉ. डी.के. गिनदोरिया, वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. गायत्री सिंह एवं गायत्री कुमारी तथा सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर में डॉ. ब्रज किशोर पाण्डेय के नेतृत्व में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के रक्त केंद्र की टीम ने कुल 100 यूनिट रक्त का संग्रह किया।
इसके साथ ही प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ डॉ. भद्रा प्रिया और जाने-माने दंत चिकित्सक डॉ. नवीन गोयल के द्वारा नि:शुल्क नेत्र एवं दंत जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान धनबाद सेवा केंद्र की मुख्य संचालिका अनु दीदी ने रक्तदाताओं को नियमित रूप से रक्तदान करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों का मुख्य उद्देश्य देश में नियमित स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को विकसित करना है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
शिविर में रक्तदाताओं के उत्साह ने मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।