बी.पी. मंडल की 108वीं जयंती पर सामाजिक न्याय के संकल्प की गूंज

Share This News

धनबाद:धनबाद में सामाजिक न्याय के पुरोधा एवं मंडल आयोग के अध्यक्ष रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री बी.पी. मंडल की 108वीं जयंती मंगलवार को कोयलानगर स्थित जुबली भवन में धूमधाम और गरिमापूर्ण माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन बैकवर्ड क्लास (ओबीसी) कोल इम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन, धनबाद की ओर से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और बी.पी. मंडल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। समारोह में कोयला उद्योग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
मुख्य वक्ता आईआईटी आईएसएम इट धनबाद के प्रो. के. पी. अजीत ने बी.पी. मंडल के जीवन, संघर्ष और पिछड़े वर्गों के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने की संवैधानिक सोच को बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने मजबूत आधार दिया। वर्ष 1979 में बी.पी. मंडल की अध्यक्षता में गठित द्वितीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने पिछड़े वर्गों की स्थिति का अध्ययन कर 27 प्रतिशत आरक्षण की सिफारिश की। उन्होंने कहा कि आरक्षण खैरात नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व का अधिकार है।
प्रो. अजीत ने 1990 में तत्कालीन प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह द्वारा मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू किए जाने को सामाजिक न्याय के इतिहास का महत्वपूर्ण मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि आज केंद्रीय सेवाओं, सार्वजनिक उपक्रमों और शिक्षण संस्थानों में ओबीसी समाज की भागीदारी बढ़ी है, जिसके पीछे मंडल आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उद्घाटन वक्ता बिदेश्वरी प्रसाद ने बी.पी. मंडल के जीवन और व्यक्तित्व पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि जमींदार परिवार में जन्म लेने के बावजूद मंडल जी ने गरीबों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। बीआईटी सिंदरी से सेवानिवृत्त शिक्षाविद प्रो. आर. के. ठाकुर और जेबीसीसीआई सदस्य के. पी. गुप्ता ने भी अपने विचार रखे तथा एसोसिएशन के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन बीसीसीएल के कोयला अधिकारी एवं एसोसिएशन के बीसीसीएल प्रभारी देव कुमार वर्मा ने किया। वे कार्यक्रम के मुख्य संयोजक भी रहे। अंत में एसोसिएशन के महामंत्री सुभाष माली ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया।
मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष रामदुलार सिंह, महामंत्री भोलानाथ यादव, मदन राम, देव कुमार वर्मा, दयाराम सिंह यादव, बीरेन गोपे, दिलीप कुमार, रामप्रवेश यादव, गणेश ठाकुर, अशोक वर्मा, मनोज कुमार मल्लाह, महावीर चौहान, रामनाथ गोपे, बीर बहादुर यादव, गणेश कुमार, डॉ. रणविजय सिंह, डॉ. हरीश कुमार, राजकुमार यादव, विजय कुमार, हेमंत कुमार, मनोज कुमार साव और रवींद्र कुमार सहित सैकड़ों कोयला कर्मी, अधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बी.पी. मंडल के सामाजिक न्याय के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a comment