राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी के अंतिम दिन उमड़ी भीड़, विशेष बच्चों ने दिखाई अपनी कला प्रतिभा

Share This News

धनबाद में आयोजित राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी के अंतिम दिन बड़ी संख्या में कला प्रेमियों एवं आम लोगों ने प्रदर्शनी में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। अंतिम दिन विशेष रूप से जीवन ज्योति के बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

जीवन ज्योति के विशेष बच्चों के बीच आर्ट प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर प्रसिद्ध शिल्पकार इकबाल हुसैन ने जीवन ज्योति के बच्चों को मिट्टी से शिल्पकला बनाने का प्रशिक्षण दिया। बच्चों ने मिट्टी से विभिन्न कलाकृतियां बनाकर अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।

वहीं कर्नल अबीर दत्ता ने बच्चों एवं उपस्थित लोगों के बीच रोचक Story Telling सत्र आयोजित किया। उनकी कहानियों ने बच्चों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उनकी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक सोच को भी प्रोत्साहित किया।

समापन अवसर पर आयोजकों द्वारा प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी कलाकारों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रदर्शनी को लोगों का उत्साहजनक समर्थन मिला है और कला एवं कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निकट भविष्य में भी इस प्रकार की कला प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा।

राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी का सफल आयोजन धनबाद में कला, संस्कृति और रचनात्मकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a comment