धनबाद के तोपचांची से बड़ी खबर सामने आई है।
तोपचांची स्थित होटल आश्रय में प्रखंड कांग्रेस कमिटी की बैठक आयोजित की गई। प्रखंड प्रभारी राजेश राम की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ केंद्र सरकार की खान एवं खनिज नीति को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने केंद्र सरकार की खनन नीति पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती के नीचे कोयला और अन्य खनिजों का विशाल भंडार है, लेकिन इन प्राकृतिक संसाधनों का लाभ यहां की जनता को कितना मिल रहा है, यह बड़ा सवाल है।
संतोष कुमार सिंह ने कहा कि खनन परियोजनाओं में स्थानीय लोगों, मजदूरों, विस्थापित परिवारों और पर्यावरण के हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने रोजगार, उचित मुआवजा, पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा केवल आर्थिक संसाधन नहीं हैं, बल्कि झारखंड के लोगों के जीवन और अधिकारों से जुड़े हुए हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने केंद्र सरकार से सवाल करते हुए कहा कि अगर झारखंड की खनिज संपदा से देश को फायदा हो रहा है, तो यहां के गरीब, मजदूर और विस्थापित परिवार आज भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष क्यों कर रहे हैं।
बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया गया।
संतोष कुमार सिंह ने राजनीतिक चंदे में पारदर्शिता और जवाबदेही का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि राजनीति में पैसा कहां से आ रहा है और उसका इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी और सड़क से सदन तक लोगों की आवाज उठाएगी।
बैठक में प्रखंड कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सैयद अली, मोबीन अंसारी, मिंटू ठाकुर, अब्दुल मोयेद, समरुद्दीन अंसारी, जुनैद अंसारी, सुनील कुमार बरनवाल, बजरंगी दास, शमीम अहमद, मो. शहीद अंसारी, मो. इरफान अंसारी, अशोक प्रमाणिक, चंद्रमोलेश्वर सिंह चौधरी, बासुदेव ठाकुर, संजीव होरे, छोटन सिंह, आलम अंसारी, कामता प्रसाद लाल, जोगेश ठाकुर, मो. अब्बास, मो. इसराइल अंसारी और मो. जुनैद अंसारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कुसुम न्यूज़ के लिए तोपचांची से रिपोर्ट।