21 से 23 अगस्त तक जीवन ज्योति संस्थान में होगा आयोजन, देश के विभिन्न शहरों के कलाकार करेंगे शिरकत
धनबाद: रोटरी क्लब ऑफ धनबाद की ओर से जीवन ज्योति विशेष विद्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर धनबाद में पहली बार राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी 21 से 23 अगस्त 2026 तक बेकार बांध स्थित जीवन ज्योति संस्थान परिसर में आयोजित होगी। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।
जीवन ज्योति के सचिव राजेश पारकेरिया ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य कला प्रेमियों एवं आम नागरिकों को कला, रंग, भावनाओं और कहानी कहने की रचनात्मक अभिव्यक्ति से परिचित कराना है। प्रदर्शनी में विभिन्न कलाकारों की कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। रांची, बनारस, हैदराबाद और कोलकाता के कलाकार भी अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी का संयुक्त आयोजन गिल्ड ऑफ फाइन आर्ट्स (जीओएफएए), जीवन ज्योति संस्थान, रोटरी क्लब ऑफ धनबाद (डिस्ट्रिक्ट 3250) एवं मेट्रो हार्ड कोक के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन धनबाद के कला एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। इसका उद्देश्य कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ आम लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं में कला के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाना है।
प्रेस वार्ता में राजेश पारकेरिया, सचिव जीवन ज्योति; दीपा गोयल, सदस्य (जीओएफएए)राजीव गोयल, निदेशक मेट्रो हार्ड कोक; हरमन चोपड़ा, कोषाध्यक्ष रोटरी क्लब ऑफ धनबाद; विकास शर्मा; अपर्णा दास, प्राचार्या जीवन ज्योति विशेष विद्यालय तथा मनोज कुमार साव, आर्ट टीचर, राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर उपस्थित थे।
आयोजकों ने धनबाद के कलाकारों, कला प्रेमियों, विद्यार्थियों, कला एवं संस्कृति से जुड़े लोगों तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर इस अनूठे आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की। इसके अलावा शनिवार, 22 अगस्त को धनबाद के कलाकारों के लिए विशेष आर्ट वर्कशॉप का भी आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, यह प्रदर्शनी धनबाद में कला, रचनात्मकता और कहानी कहने की नई शुरुआत का प्रतीक बनेगी।