Breaking News

सिजुआ स्टेडियम में अम्बेडकर स्कूल ऑफ मार्शल आर्ट्स के खिलाड़ियों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

Share This News

धनबाद:भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की ओर से सिजुआ स्टेडियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में अम्बेडकर स्कूल ऑफ मार्शल आर्ट्स के खिलाड़ियों ने मार्शल आर्ट्स एवं साहसिक करतबों का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

अम्बेडकर स्कूल ऑफ मार्शल आर्ट्स के अध्यक्ष सह मुख्य प्रशिक्षक एवं लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कई रिकॉर्ड के धारक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनिल बाँसफोर के नेतृत्व में संस्था के खिलाड़ी पिछले करीब 20 वर्षों से बीसीसीएल द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस समारोहों में हैरतअंगेज प्रस्तुतियां देते आ रहे हैं। संस्था सफाई कर्मचारी परिवारों समेत जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षण भी प्रदान करती है।

कार्यक्रम की शुरुआत रूपेश कुमार ने हथेली के प्रहार से नारियल तोड़कर की। छह वर्षीय दिव्यांशु कुमार ने 16 नुकीले भालों की शैय्या पर पेट के बल लेटकर अपने ऊपर रखी 60 किलोग्राम की चट्टान तुड़वाकर सभी को अचंभित कर दिया। इस दौरान बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, सीआईएसएफ के डीआईजी राजीव मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी एवं दर्शक मौजूद रहे।

वहीं नितेश कुमार ने अपने सिर से हरे नारियल को तोड़कर साहसिक प्रदर्शन किया। अमरजीत बाँसफोर ने मुंह से फूंक मारकर हॉट वॉटर बैग और मुकेश बाँसफोर ने ट्रक के ट्यूब में हवा भरकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इसके अलावा कृष्णा कुमार, शिवम कुमार एवं तनुज कुमार ने भी मार्शल आर्ट्स का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान बीसीसीएल दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्षा पुर्बिता रमैय्या एवं नीता कुमार ने अम्बेडकर स्कूल ऑफ मार्शल आर्ट्स के अध्यक्ष सह मुख्य प्रशिक्षक अनिल बाँसफोर सहित अमरजीत बाँसफोर, मुकेश बाँसफोर, दिव्यांशु कुमार, कृष्णा कुमार, रूपेश, नितेश, निकेश एवं शिवम कुमार आदि को सम्मानित किया।

इस अवसर पर बीसीसीएल के डीपी मुरली कृष्ण रमैय्या, निदेशक तकनीकी संजय सिंह, सिजुआ क्षेत्र के जीएम निर्झर चटर्जी, विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी तथा महिला समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a comment