स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर टाउन हॉल धनबाद में ‘जल सेवा’ में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित

Share This News

जिला प्रशासन द्वारा 4 प्रमुख श्रेणियों में प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट व मोमेंटो देकर किया गया पुरस्कृत

ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करना ‘जल सेवा’ का मुख्य ध्येय

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या के अवसर पर आज टाउन हॉल, धनबाद में जिला प्रशासन द्वारा एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभक्ति और उल्लास से परिपूर्ण इस कार्यक्रम के दौरान जिले में ‘जल सेवा’ अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्य करने वाले प्रतिभागियों को जिला प्रशासन द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों को यह पुरस्कार 4 श्रेणियों यथा जल साहियाओं को जल मित्र, उत्कृष्ट मुखिया को आदर्श ग्राम जल अवार्ड, उत्कृष्ट् प्रखंड विकास पदाधिकारी को Efficiency Excellence अवार्ड,  उत्कृष्ट कनीय अभियंता को Engineering Integrity अवार्ड के रूप मे सम्मानित किया।

‘जल सेवा’ पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खराब अथवा बंद पड़े चापाकलों एवं जलापूर्ति योजनाओं से संबंधित जन-शिकायतों का समयबद्ध व त्वरित समाधान करना है, ताकि ग्रामीण आबादी को निर्बाध रूप से शुद्ध व सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों ने सभी पुरस्कृत प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को प्रत्येक ग्रामीण तक सुलभ कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुरस्कृत अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों ने भविष्य में भी इसी निष्ठा के साथ जनसेवा जारी रखने का संकल्प लिया।

मौके पर उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, डीआरडीए निदेशक श्री राजीव रंजन, अपर समाहर्ता श्री प्रदीप कुमार शुक्ला, एडीएम (विधि-व्यवस्था) श्री अरविंद ओझा तथा अनुमंडल पदाधिकारी श्री लोकेश बारंगे सहित जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment