धनबाद। धनबाद विधानसभा क्षेत्र स्थित जे.पी. अस्पताल में सोमवार, 11 अगस्त को झारखंड बांग्ला भाषा उन्नयन समिति की ओर से महान स्वतंत्रता सेनानी एवं अमर शहीद खुदीराम बोस का 122वां शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदीप मंडल ने की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों और समिति के सदस्यों ने शहीद खुदीराम बोस के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि खुदीराम बोस का अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
मात्र 18 वर्ष की उम्र में दी सर्वोच्च शहादत
वक्ताओं ने कहा कि खुदीराम बोस का जन्म 3 दिसंबर 1889 को पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले के हबीबपुर गांव में हुआ था। बचपन में ही माता-पिता के निधन के बाद उनका पालन-पोषण उनकी बड़ी बहन ने किया।
देश की आजादी के प्रति उनका जुनून बचपन से ही दिखाई देने लगा था। उन्होंने कक्षा नौ के बाद पढ़ाई छोड़कर स्वदेशी आंदोलन और क्रांतिकारी गतिविधियों में हिस्सा लेना शुरू किया। वर्ष 1905 के बंगाल विभाजन विरोधी आंदोलन में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई।
वक्ताओं के अनुसार, 16 मई 1906 को उन्हें राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन कम उम्र और पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में उन्हें रिहा कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने क्रांतिकारी गतिविधियों में अपनी सक्रियता जारी रखी।
वर्ष 1907 में नारायणगढ़ में बंगाल के गवर्नर की ट्रेन को निशाना बनाने और वर्ष 1908 में ब्रिटिश अधिकारियों के खिलाफ क्रांतिकारी कार्रवाई में भी उनका नाम सामने आया।
हंसते-हंसते चढ़ गए फांसी के फंदे पर
मुजफ्फरपुर की घटना के बाद ब्रिटिश पुलिस की कार्रवाई के दौरान उनके साथी प्रफुल्ल चाकी ने शहादत दी। वहीं, खुदीराम बोस को गिरफ्तार कर लिया गया।
मात्र 18 वर्ष की उम्र में 11 अगस्त 1908 को मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल में खुदीराम बोस को फांसी दी गई। कहा जाता है कि वे हाथ में भगवद्गीता लेकर देशभक्ति के भाव के साथ हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर झूल गए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि मां भारती के इस वीर सपूत का बलिदान देश के इतिहास में हमेशा अमर रहेगा। सभी ने शहीद खुदीराम बोस को शत-शत नमन किया।
कार्यक्रम में बेंगू ठाकुर, पारितोष घोषाल, साधन चैटर्जी, मुकुल चंद्र, रघुनाथ राय, भवानी बंदोपाध्याय, जिला प्रेसिडेंट सुजीत रंजन, जिला सेक्रेटरी पार्थ सारथी दत्त, रुही दास, अशोक पाल, समीर सरकार, गोविन्दो ठाकुर, मंदिरा बनर्जी, पीयू भंडारी, अग्रिम, सोनाली, रोहित, आर्यन, ओम कुमार और समीर मंडल सहित समिति के कई सदस्य एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट
