11 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन की तैयारी, जिले की विभिन्न यूनियनें लेंगी हिस्सा
धनबाद:भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय केंद्रीय कार्य समिति के निर्णय के अनुसार 17 अगस्त 2026 को पूरे देश में देशव्यापी विरोध दिवस मनाया जाएगा। इसी क्रम में धनबाद जिला मुख्यालय पर भी विशाल प्रदर्शन एवं धरना आयोजित किया जाएगा। आंदोलन को सफल बनाने को लेकर शुक्रवार को विश्वकर्मा भवन कार्यालय, हीरापुर में शुक्रवार को भारतीय मजदूर संघ की आवश्यक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अशोक राय ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री धर्मजीत चौधरी ने किया।बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के समक्ष श्रमिकों की 11 प्रमुख मांगों को लेकर देशव्यापी आंदोलन किया जा रहा है। धनबाद में भी विभिन्न श्रमिक संगठनों एवं यूनियनों के कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ, भारतीय डाक कर्मचारी संघ, ग्रामीण डाक सेवक कर्मचारी संघ, भवन निर्माण कर्मचारी संघ, आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, 108 एंबुलेंस कर्मचारी संघ, सुरक्षा प्रहरी कर्मचारी संघ, सेल इस्को कर्मचारी संघ, केंद्रीय औद्योगिक अनुसंधान श्रमिक संघ तथा भविष्य निधि कोयला कर्मचारी संघ सहित जिले की विभिन्न यूनियनें प्रदर्शन में भाग लेंगी।
ये हैं प्रमुख मांगें भारतीय मजदूर संघ की ओर से न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने, ईएसआईसी की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने, न्यूनतम ईपीएस पेंशन 7,500 रुपये प्लस डीए एवं चिकित्सा सुविधा देने की मांग की गई है। इसके अलावा ईपीएफ वेतन सीमा 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने, बोनस गणना सीमा 7 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये तथा बोनस पात्रता वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने की मांग शामिल है।संघ ने योजना श्रमिकों का मानदेय बढ़ाने, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने, श्रम संहिता के श्रमिक-विरोधी प्रावधानों को हटाने, ग्रेच्युटी की सीमा 40 लाख रुपये तक बढ़ाने तथा बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की भी मांग की है।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 17 अगस्त के आंदोलन को धनबाद में ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जाएगा। प्रदर्शन की तैयारियों एवं कार्यक्रम की व्यवस्था की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई।
बैठक में प्रमुख रूप से मुरारी तांती, उमेश सिंह, ओम कुमार सिंह, मनोज कुमार, प्रह्लाद दुबे, कमल कुमार, प्रभाकर चौधरी, गणेश प्रसाद शाह, आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की महामंत्री पुष्पा देवी, प्रदेश महिला प्रमुख रीता सिंह, जिला मंत्री उषा देवी, नवनीत कुमार सिंह, सुशील कुमार सिंह, राघवेंद्र पांडे, रमेश चौबे एवं रविंद्र शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।