विशेष मतदाता पुनरीक्षण कैंप में सक्रिय हुई कांग्रेस, 8-9 और 22-23 अगस्त को फॉर्म भरने की अपील

Share This News

धनबाद. धनबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपने सभी बूथ लेवल एजेंट यानी बीएलए को सक्रिय रहने का आह्वान किया है। पार्टी नेता और बीएलए-2 कार्तिक हाड़ी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे 8 और 9 अगस्त तथा 22 और 23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर दावा और आपत्ति संबंधी प्रपत्र भरकर जमा करें।

कार्तिक हाड़ी ने बताया कि विशेष कैंप में बीएलओ, सुपरवाइजर और बीएलए मिलकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य करेंगे। जिला प्रशासन ने 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अवधि निर्धारित की है।

इसके अलावा 25 अगस्त से 4 सितंबर तक सभी मतदान केंद्र क्षेत्रों में “होम टू रोल वेरिफिकेशन” अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो या उसने प्रपत्र-6 जमा किया हो।

जिन मतदाताओं का नाम गलत मतदान केंद्र पर दर्ज है, वे प्रपत्र-8 के माध्यम से अपने सही मतदान केंद्र पर नाम स्थानांतरित करा सकते हैं। साथ ही, झारखंड से बाहर बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान दर्ज परिवार के सदस्यों का नाम भी झारखंड में प्रपत्र-8 और घोषणा पत्र के साथ दर्ज कराया जा सकेगा। वहीं, 4 सितंबर तक “एक परिवार, एक साथ” यानी फैमिली टुगेदर स्टीकर भी सभी घरों में लगाया जाएगा।

Leave a comment