श्रावणी मेला के अवसर पर श्रद्धालु यात्रियों की सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के क्रम में धनबाद, चन्द्रपुरा एवं बरकाकाना रेलवे स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा सेवा एवं सहायता अभियान संचालित किया गया | अभियान के दौरान कांवरियों को उनके गंतव्य के अनुसार प्लेटफॉर्म एवं ट्रेनों की जानकारी, टिकट संबंधी मार्गदर्शन, स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की जानकारी तथा आवश्यकता अनुसार अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया | साथ ही श्रद्धालुओं को कतारबद्ध एवं अनुशासित ढंग से यात्रा करने, स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने तथा रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया गया | श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशनों पर श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा हेतु विशेष सहायता बूथ स्थापित किया गया है | धनबाद मंडल श्रावणी मेला में आने वाले श्रद्धालु यात्रियों को सुरक्षित, सहज एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा आवश्यकतानुसार विभिन्न स्टेशनों पर सहायता, मार्गदर्शन, नियमित उद्घोषणाओं एवं यात्री सुविधाओं की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है, ताकि श्रद्धालु यात्री अपनी यात्रा बिना किसी कठिनाई के पूर्ण कर सकें |