धनबाद: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं जनता मजदूर संघ के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय बच्चा सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि पर बुधवार को सूर्यदेव नगर स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, अभिषेक सिंह, एकलव्य सिंह, परिवार के सदस्य तथा जनता मजदूर संघ से जुड़े बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। सभी ने स्वर्गीय बच्चा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि स्वर्गीय बच्चा सिंह ने अपना पूरा जीवन कोयलांचल और झरिया क्षेत्र के श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित किया। उन्होंने झरिया से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और मजदूर हितों की आवाज बनकर पूरे कोयलांचल में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जनसेवा का भाव आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। बच्चा सिंह झरिया से विधायक रहने के साथ-साथ झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के मंत्रिमंडल में नगर विकास मंत्री भी रहे। सभा में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।