धनबाद: विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर मंगलवार को रोटरी क्लब ऑफ धनबाद सेंट्रल की ओर से शहर में हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण अभियान चलाया गया। क्लब के तत्वावधान में पाटलिपुत्रा नर्सिंग होम, पार्क क्लिनिक, कल्याणी डायग्नोस्टिक एवं सुरक्षा वैक्सीन सेंटर में एक साथ टीकाकरण शिविर आयोजित किए गए। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने हेपेटाइटिस-बी का टीका लगवाकर इस गंभीर बीमारी से बचाव का संकल्प लिया।
अभियान का उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस-बी संक्रमण के प्रति जागरूक करना और समय पर टीकाकरण के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को बीमारी के कारण, बचाव के उपाय और टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी। क्लब के सदस्यों ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी टीकाकरण कराएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस अभियान का नेतृत्व रोटरी क्लब ऑफ धनबाद सेंट्रल के अध्यक्ष अतुल डोकानिया ने किया। कार्यक्रम में सचिव पंकज गोयल, अनूप गोयल, मनीष लाला, अमित अग्रवाल, अमित जैन, डॉ. निखिल ड्रोलिया, राहुल डोकानिया, गजल गोयल, कविता चौधरी एवं नेहा अग्रवाल सहित क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे और टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।रोटरी क्लब ने कहा कि समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य अभियान लगातार चलाए जाएंगे।