नई दिल्ली: नीट परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन और संसद मार्च के बाद यह मुद्दा अब संसद के भीतर भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है।
इस घटनाक्रम के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए मामले में जवाबदेही तय करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग की।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जैसे ही मामला सरकार के संज्ञान में आया, तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ मजबूत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी और विशेषज्ञ वकीलों की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक से जुड़े सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से कई छात्रों को असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन सरकार ने प्रभावित परीक्षाओं का दोबारा आयोजन समयबद्ध और पूरी पारदर्शिता के साथ कराने का प्रयास किया।
इधर, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस की कथित लाठीचार्ज की घटना को लेकर विपक्ष ने भी सरकार को घेरा। इसी के विरोध में राहुल गांधी सहित कांग्रेस के कई सांसदों ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।