जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मध्य विद्यालय झारुडीह व मिल्लत हाई स्कूल का किया औचक निरीक्षण

Share This News

समय पर गणना प्रपत्र का डिजिटाइजेशन पूरा करने का निर्देश

मतदाताओं से 20 जुलाई को भी अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील

रविवार की दोपहर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने मध्य विद्यालय झारुडीह, मिल्लत हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसआइआर-2026 के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य के प्रगति का अवलोकन किया तथा उपस्थित बीएलओ एवं संबंधित पदाधिकारियों को प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए डिजिटाइजेशन कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बूथ पर मौजूद मतदाताओं से संवाद कर गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी भी ली। साथ में मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने धनबाद तथा झरिया विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे 20 जुलाई को भी अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष शिविर में अवश्य पहुंचें, गणना प्रपत्र प्राप्त कर उसे सही ढंग से भरकर समय पर जमा करें तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

उन्होंने कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी मतदाता सूची है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मतदान केंद्रों के औचक निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री आदित्य रंजन के साथ अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, एनडीसी श्री दीपक कुमार दुबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a comment