धनबाद :नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित जगजीवन नगर स्थित विशेष दिव्यांग स्कूल पहला कदम में शनिवार को दिव्यांग बच्चों, अभिभावकों एवं अन्य जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों, वयस्कों एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्त जांच, पैथोलॉजिकल जांच, ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जांच, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी परामर्श तथा आवश्यकता अनुसार आगे के उपचार की सलाह निःशुल्क प्रदान की गई।
शिविर का संचालन सीएचसी सदर की तरफ से डॉ अलका चौधरी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर सभी बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर में फिजिशियन एमडी हसन अंसारी, ऑर्थो विशेषज्ञ डॉ. एस.के. गुप्ता, आस्था बाय पैथ लैब से प्रेम कुमार प्रसाद एवं खुशी ने रक्त जांच (ब्लड टेस्ट) सहित अन्य पैथोलॉजिकल जांच में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
स्कूल की सचिव श्रीमती अनीता अग्रवाल ने कहा कि “दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट आगे भी समाजहित में इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा।”
इस अवसर पर स्कूल के सुपरवाइजर श्री कौशल अग्रवाल भी उपस्थित रहे तथा शिविर के सफल संचालन में अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
अंत में स्कूल प्रबंधन ने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।