आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की खेल अधिकारी डॉ. अनीता कुमारी को प्रतिष्ठित ‘ऑनर ऑफ अशोका अवार्ड–2026’ से किया जाएगा सम्मानित

Share This News

झारखंड की पहली महिला स्पोर्ट्स ऑफिसर बनीं जिन्हें मिलेगा यह प्रतिष्ठित सम्मान
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खनि विद्यापीठ), धनबाद (IIT-ISM Dhanbad) की फिजिकल एजुकेशन एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. अनीता कुमारी को 19 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित एक भव्य समारोह में ‘ऑनर ऑफ अशोका अवार्ड–2026’ से सम्मानित किया जाएगा।
चार्ल्स वाल्टर्स काउंसिल फॉर इनोवेशन एंड रिसर्च (CWCIR) द्वारा स्थापित यह प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान उन विशिष्ट व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से समाज पर स्थायी और सकारात्मक प्रभाव छोड़ा है। यह सम्मान शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, प्रशासन, न्यायपालिका, रक्षा, उद्यमिता, कला, साहित्य, मीडिया, सामाजिक सेवा तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट नेतृत्व, नवाचार, सत्यनिष्ठा एवं जनसेवा के लिए प्रदान किया जाता है।
इस सम्मान के साथ डॉ. अनीता कुमारी झारखंड की पहली महिला स्पोर्ट्स ऑफिसर बनेंगी जिन्हें ‘ऑनर ऑफ अशोका अवार्ड’ से सम्मानित किया जा रहा है। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत उत्कृष्ट योगदान का सम्मान है, बल्कि झारखंड तथा आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के लिए भी गौरव का विषय है।
डॉ. अनीता कुमारी पिछले 22 वर्षों से अधिक समय से खेल, शारीरिक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएँ दे रही हैं। उन्होंने देश के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में खेल संस्कृति, फिटनेस, योग, स्वास्थ्य जागरूकता एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा प्रदान की है। वर्तमान में वे आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में फिजिकल एजुकेशन एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर के रूप में अपनी सेवाएँ दे रही हैं।
डॉ. अनीता कुमारी एक उत्कृष्ट शिक्षाविद् एवं शोधकर्ता हैं। उन्होंने शारीरिक शिक्षा में पीएच.डी., मास्टर ऑफ फिजिकल एजुकेशन (M.P.Ed.) की उपाधि प्राप्त की है तथा यूजीसी-नेट/जेआरएफ उत्तीर्ण किया है। इसके अतिरिक्त वे मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (MDNIY), नई दिल्ली से योग एवं वेलनेस में प्रमाणित हैं तथा योग सर्टिफिकेशन बोर्ड (YCB) से भी प्रमाणित योग प्रशिक्षक हैं।

Leave a comment