Breaking News

आउट ऑफ स्कूल बच्चों के नामांकन के लिए विशेष अभियान “SETENG” शुरू

Share This News

निगरानी दल करेगा बच्चों की खोज, एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे : उपायुक्त

उपायुक्त सह अध्यक्ष झारखंड शिक्षा परियोजना, धनबाद श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर जिले में स्कूल से बाहर (ड्रॉप आउट) बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करने के लिए विशेष नामांकन अभियान “SETENG (Special Enrolment and Tracking for Engagement of Out of School Children)” चलाया जा रहा है। यह अभियान 7 जुलाई से 7 सितंबर 2026 तक संचालित होगा।

अभियान के तहत होटल, ढाबा, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रेलवे क्रॉसिंग, यातायात सिग्नल, ईंट-भट्ठा, कृषि क्षेत्र, निर्माण स्थलों, दुकानों, स्थानीय लघु उद्योगों, ऑटो मरम्मत केंद्रों, बाजारों, प्रवासी श्रमिक शिविरों, झुग्गी-झोपड़ियों, कूड़ा डंपिंग स्थलों सहित अन्य स्थानों पर जाकर स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान की जाएगी तथा उनका विद्यालयों में नामांकन कराया जाएगा।

इस अभियान की प्रभावी निगरानी एवं समन्वय के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शामिल करते हुए निगरानी दल का गठन किया गया है। इसमें रेल मंडल, जिला खनन, जिला कल्याण, श्रम, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उद्योग एवं प्रखंड प्रशासन के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कहीं भी बच्चे का रेस्क्यू किया जाता है तो उन्हें बाल संरक्षण पदाधिकारी को सौंपते हुए स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित करवाए। साथ ही जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि सबसे ज्यादा ड्रॉप आउट करने वाले स्कूलों की रिपोर्ट प्रस्तुत करे।

साथ ही यह भी निर्देश दिया कि प्राइमरी स्कूल से मिडिल स्कूल और मिडिल स्कूलों से उच्च स्कूल में नामांकन सुनिश्चित करें। किसी भी स्थिति में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों से अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया है कि जिले का एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

मौके पर जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी , जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, रेलवे के अधिकारी, बीडीओ टुंडी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहें।

Leave a comment