धनबाद : एसडीओ कोर्ट कैंपस में अधिवक्ताओं ने किया संगीतमय सुंदरकांड पाठ, विशाल भंडारे का आयोजन

Share This News

धनबाद। एसडीओ कोर्ट कैंपस में शनिवार को धनबाद बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे राम दरबार के वैदिक पूजन के साथ हुई। इसके बाद दोपहर 12 बजे से जागरण ग्रुप के कलाकारों द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ प्रारंभ किया गया।

कलाकारों ने मधुर धुनों पर श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों और दोहों का सुमधुर गायन प्रस्तुत किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने भी कलाकारों के साथ सुंदरकांड का पाठ कर भक्ति रस में डूबकर भगवान श्रीराम और हनुमान जी की आराधना की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक राज सिन्हा उपस्थित रहे। सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र सहाय ने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक और मानसिक शक्ति को सुदृढ़ करने का एक अद्वितीय अवसर है।

वहीं महासचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि सुंदरकांड, श्रीरामचरितमानस का अत्यंत प्रभावशाली अध्याय है, जो संकट के समय धैर्य, श्रद्धा, सेवा और साहस का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्री हनुमान जी का जीवन हम अधिवक्ताओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं का जीवन भी निरंतर संघर्ष का जीवन है, जो अन्याय के विरुद्ध न्याय की तलाश और झूठ के विरुद्ध सत्य की स्थापना के लिए समर्पित है। जिस प्रकार हनुमान जी ने माता सीता की खोज कर श्रीराम का संदेश लंका तक पहुंचाया, उसी प्रकार अधिवक्ता समाज की पीड़ा और समस्याओं को न्याय के मंच तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है, बल्कि संस्था की एकता, सहयोग और सांस्कृतिक चेतना भी मजबूत होती है। इसलिए समय-समय पर इस प्रकार के आयोजनों का आयोजन किया जाना चाहिए, ताकि अधिवक्ता केवल पेशेवर ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, सशक्त और संतुलित व्यक्तित्व के रूप में भी समाज के सामने अपनी भूमिका निभा सकें।

कुसुम न्यूज़ से मुस्कान की रिपोर्ट

Leave a comment