धनबाद : यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे पर मेसोनिक लॉज धनबाद 95 ने वृद्धजनों की सेवा कर दिया सम्मान का संदेश

Share This News

धनबाद। यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे के अवसर पर मेसोनिक लॉज धनबाद 95 के सदस्यों ने सबलपुर स्थित ओल्ड एज होम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों के बीच राशन सामग्री एवं रोजमर्रा की उपयोगी वस्तुएं उपहार स्वरूप वितरित कीं। इस दौरान फ्रीमेसंस हॉल के सभी सदस्यों ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

आश्रय ग्रह के वृद्धजनों ने मेसोनिक लॉज के सदस्यों के सिर पर हाथ रखकर उन्हें निस्वार्थ भाव से आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर लॉज के सदस्यों ने कहा कि वे प्रत्येक वर्ष यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे पर आश्रम के आश्रितों के बीच राशन और आवश्यक सामग्री वितरित करते हैं।

उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि, “एक दिन सभी को वृद्धावस्था का सामना करना है, इसलिए अपने बुजुर्गों की सेवा और सम्मान करें, उन्हें आश्रम भेजने की नौबत न आने दें। माता-पिता के प्रति आपका व्यवहार ही आपके बच्चों के लिए सीख बनता है, इसलिए जीवन में अच्छे कर्म करें और बुजुर्गों का सम्मान करें।”

मेसोनिक लॉज के सदस्यों ने ओल्ड एज होम के अध्यक्ष नौशाद गद्दी की सराहना करते हुए कहा कि बुजुर्गों की सेवा के प्रति उनके जैसा समर्पित व्यक्ति उन्होंने आज तक नहीं देखा। वे निरंतर निस्वार्थ भाव से वृद्धजनों की सेवा में लगे रहते हैं और इसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं।

सदस्यों ने कहा कि वे आश्रम के संपर्क में रहते हैं और जब भी वृद्धजनों को किसी वस्तु की आवश्यकता होती है, उसे उपलब्ध कराने का प्रयास करते हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी यथासंभव वृद्धजनों की मदद करते रहने का संकल्प लिया।

मेसोनिक लॉज धनबाद 95 ने धनबादवासियों और सरकार से अपील की कि जीवन के अंतिम पड़ाव में पहुंच चुके इन असहाय वृद्धजनों की सेवा, सम्मान और देखभाल के लिए आगे आएं।

इस अवसर पर डॉ. अबीर कुमार चक्रवर्ती, मोहम्मद जलील अंसारी, डॉ. मेजर चंदन, रितेश कुमार साहू, डॉ. मुक्ति किशोर और दीपक कुमार सिंह सहित अन्य सदस्यों ने वृद्धजनों की सेवा कर उन्हें सम्मानित किया।

कुसुम न्यूज़ से मुस्कान की रिपोर्ट

Leave a comment