एक कदम शिक्षा की ओर संस्था ने प्रतिभाओं व प्रशिक्षकों को किया सम्मान

Share This News

धनबाद : सामाजिक संस्था एक कदम शिक्षा की ओर के द्वारा शिक्षा और खेल के क्षेत्र में लगातार प्रेरणादायी कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में संस्था के सदस्य मनईटांड़ बैंक कालोनी निवासी मनोज महतो ने अपने बच्चों हर्ष राज महतो और हर्षिता महतो के साथ कपूरिया स्थित रूदी कपूरिया मध्य विद्यालय मैदान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और प्रशिक्षकों के योगदान का सम्मान करना था। इस अवसर पर 31 बच्चों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं खेल प्रशिक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने वाले रंजीत दसोंदी, नीरज रजक, अशोक महतो, ललित गोप और विजय महतो को गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मनोज महतो तथा उनके बच्चों ने संस्था की ओर से रंजीत दसोंदी को आकर्षक फोटो फ्रेम भी भेंट किया। बताया गया कि हर्ष राज महतो और हर्षिता महतो जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भरतनाट्यम, योग तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। संस्था प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को बच्चों की परीक्षा आयोजित कर बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित करती है। इस बार 28 जून को भटिंडा रोड स्थित कारीटांड़ मध्य विद्यालय धनबाद में परीक्षा आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा अन्य रविवारों को हरीहरपुर, मुनिडीह, कारीटांड़, बागड़ा, भोवरदाहा, चरकीटांड़, गरभूडीह, कनपुरिया, भेलाटांड़ भट्ट बस्ती, भेलाटांड़ बस्ती और टाटा सिजुआ सहित विभिन्न क्षेत्रों में मनोज महतो व उनकी पत्नी गीता देवी, हर्षिता महतो , हर्ष महतो शिक्षा जागरूकता अभियान चलाकर जागरूक करती है। सम्मान से अभिभूत रंजीत दसोंदी ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए विशेष रूप से मनोज महतो, गीता देवी व उनके बच्चों को आभार व्यक्त किया।

Leave a comment