समाज कल्याण तथा जनसंपर्क कार्यालय द्वारा नशा मुक्त के जागरूकता हेतु निकाली गई जागरूकता रथ
एसएसपी और डीडीसी ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के बढ़ते प्रकोप के विरुद्ध और आमजन को इसके खतरों से आगाह करने के उद्देश्य से आज धनबाद समाहरणालय परिसर से एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई।
इस अभियान के तहत जिला समाज कल्याण कार्यालय तथा जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जागरूकता रथ निकाला गया। जिसे धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार और उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने संयुक्त रूप से ‘नशा मुक्त जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और सुदूर गांवों का दौरा करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं और किशोरों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति संवेदनशील और जागरूक बनाना है, ताकि उन्हें इस सामाजिक बुराई से बचाया जा सके।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने कहा कि नशा न केवल एक व्यक्ति को बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। इस अभियान की सफलता तभी संभव है जब जिले का हर नागरिक इसमें अपनी जिम्मेदारी समझे।”
वहीं उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने धनबाद जिला के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे इस ‘नशा मुक्त जागरूकता अभियान’ में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं और अपने आस-पास के क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।
मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती स्नेह कश्यप, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री नियाज़ अहमद, बाल संरक्षण पदाधिकारी श्रीमती साधना कुमारी समेत महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका सहायिका, स्कूली बच्चे समेत समाहरणालय के कर्मी मौजूद रहे।