Breaking News

धनबाद में जून में होगी 13वीं झारखंड राज्य सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता, तैयारियां तेज

Share This News

धनबाद। झारखंड राज्य कबड्डी संघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 13वीं झारखंड राज्य सीनियर महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर शनिवार को डॉक्टर जेके सिन्हा मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल ऑफ लर्निंग, धनबाद में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

संघ के महासचिव संजय कुमार झा ने बताया कि तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 5, 6 और 7 जून को बिरसा मुंडा पार्क के समीप स्थित डॉक्टर जेके सिन्हा मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल ऑफ लर्निंग में किया जाएगा। प्रेस वार्ता के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण भी किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में राज्यभर से लगभग 40 से 45 टीमों के भाग लेने की संभावना है। अब तक करीब 19 टीमों ने अपना पंजीकरण करा लिया है, जबकि अन्य टीमें भी जल्द पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करेंगी।

संजय कुमार झा ने कहा कि प्रतियोगिता में तकनीकी दल की भी मौजूदगी रहेगी। इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जुलाई में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम में किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समय के साथ कबड्डी खेल में काफी बदलाव आया है। पहले यह खेल मिट्टी के मैदान में खेला जाता था, लेकिन अब चटाई पर खेला जाता है। हालांकि आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण सभी जिलों को चटाई उपलब्ध कराना संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि संघ को सहयोग मिलता है तो भविष्य में सभी जिला कबड्डी संघों को चटाई उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके और राज्य में कबड्डी को और बढ़ावा दिया जा सके।

Leave a comment