झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। राज्य के अलग-अलग जिलों में कहीं गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, तो कहीं तेज हवाओं और बारिश ने जनजीवन प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग ने 20 मई को लेकर राज्य के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। साथ ही वज्रपात को लेकर भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा रांची, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, खूंटी, सरायकेला-खरसांवा, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में मौसम सामान्य से अलग रह सकता है। यहां आसमान में बादल छाए रहने, तेज गर्जना होने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों में ही शरण लें।