22 मई तक रैयत जमा कर सकते हैं आपत्ति से संबंधित आवेदन
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आज उत्तर तिसरा – दक्षिण तिसरा विस्तारीकरण परियोजना को लेकर विशेष समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परियोजना के लिए बलियापुर अंचल के सुरुंगा एवं मुकुंदा मौजा में जमीन अधिग्रहण, ओवर बर्डन डंप के लिए पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन (आर एंड आर) को लेकर चर्चा की गई। साथ में सुरुंगा एवं मुकुंदा मौजा में शत प्रतिशत संरचनाओं का मूल्यांकन करने एवं ओवर बर्डन डंप से संबंधित रैयतों की समस्या का निराकरण करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण तथा ओवर बर्डन डंप से संबंधित रैयतों की समस्या का निराकरण करने के लिए उपायुक्त ने 22 मई 2026 तक समाहरणालय के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित राजस्व शाखा (लैंड सेल) में रैयतों से सभी आवश्यक कागजात के साथ आवेदन जमा कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि 22 मई 2026 तक जितने रैयतों के आवेदन प्राप्त होंगे उसका निराकरण करने के बाद पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन की बैठक निर्धारित की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री विकास पालीवाल, अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार, डीएमओ श्री रितेश राज तिग्गा, बलियापुर के सीओ श्री मुरारी नायक, आईटी मैनेजर श्री रुपेश कुमार मिश्रा, भू-अर्जन शाखा के श्री लक्ष्मी कांत साव, बीसीसीएल के भू-संपदा पदाधिकारी, लोदना एरिया के महाप्रबंधक व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।