धनबाद: शहर के 8 लेन रोड पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सरायढेला थाना क्षेत्र के लेमन चिल्ली रेस्तरां के पास हुई, जब एक इनोवा कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में पूनम कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेम रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल प्रेम रजक को तुरंत इलाज के लिए जालान अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।हादसे के बाद इनोवा चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तोपचांची के पास से कार को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
मृतका की बहन रूबी देवी ने बताया कि पूनम अपने बुजुर्ग और शारीरिक रूप से अक्षम पिता की एकमात्र सहारा थी। वह प्राइवेट नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थी। हादसे के समय वह अपने नियोक्ता के कहने पर जमीन देखने सुगियाडीह कार्मिक नगर जा रही थी।परिजनों और पड़ोसियों ने सरकार से आर्थिक सहायता और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषी चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में गमगीन माहौल है, और स्थानीय लोग बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जता रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।