30 मार्च से शुरू होगा अभियान
सर्विकल कैंसर से बेटियों का जीवन बचाने का नया संकल्प लेकर भारत सरकार ने किशोरियों में सर्विकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान शुरू किया है। टीकाकरण अभियान 30 मार्च 2026 से झारखंड के सभी जिलों में शुरू होने वाला है। धनबाद जिले में टीकाकरण अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की बैठक समाहरणालय के सभागार में आयोजित की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि अभियान के प्रथम चरण में जिले के सभी सरकारी आवासीय विद्यालय में एमओआईसी की उपस्थिति में पेरेंट्स टीचर मीटिंग का आयोजन करें। छात्रों की स्क्रीनिंग करें। तत्पश्चात कैंप लगाकर टीकाकरण अभियान की शुरुआत करें।
उपायुक्त ने कहा कि सभी स्कूलों में सर्विकल कैंसर की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाएं। जिले के शत प्रतिशत स्कूलों में टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए माइक्रो प्लान तैयार करें। निजी स्कूल भी अभियान की सफलता के लिए सहयोग प्रदान करें।
बैठक में वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाईजेशन के डॉ दीपक कुमार ने बताया कि यह अभियान तीन महीने तक सभी कार्य दिवसों पर चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक रूप से पहली बार निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। इसे 14 से 15 साल की बच्चियों के बीच एक बार लगाया जाएगा। टीकाकरण के समय अभिभावक की मौजूदगी एवं उनकी सहमति अनिवार्य रहेगी। बताया कि एचपीवी संक्रमण की रोकथाम के लिए टीकाकरण का एक डोज पर्याप्त है।
बैठक में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, डॉ दीपक कुमार, डॉ संजीव कुमार प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अभिषेक झा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती स्नेह कश्यप, डॉ रोहित गौतम, डीपीएम श्रीमती प्रतिमा कुमारी, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ ओपी अग्रवाल, सचिव डॉ राकेश इंदर सिंह के अलावा रोटरी क्लब धनबाद, दिल्ली पब्लिक स्कूल, डी-नोबिली स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, धनबाद पब्लिक स्कूल, कार्मल स्कूल के प्रतिनिधि, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी वह अन्य लोग मौजूद थे।