धनबाद: 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बैंक मोड़ थाना परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और देशभक्ति का जश्न मनाया गया। इस मौके पर आयोजित सम्मान समारोह में तेतुलतल्ला दुर्गा पूजा समिति को “सर्वश्रेष्ठ विधि व्यवस्था- मेला” का विशेष सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान बैंक मोड़ थाना प्रभारी लव कुमार ने समिति के सचिव सुरेंद्र यादव और अध्यक्ष जयदेव गुप्ता मनोज को प्रदान किया।सम्मान प्राप्त करते हुए सुरेंद्र यादव ने बताया कि तेतुलतल्ला दुर्गा पूजा मैदान में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति के सभी सदस्य दिन-रात सक्रिय रहते हैं। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाती है, जिसमें बैंक मोड़ पुलिस का सहयोग और दिशा-निर्देश महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अध्यक्ष जयदेव गुप्ता मनोज ने कहा कि इस सम्मान से पूरे समिति के सदस्यों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा की तैयारियां पहले से ही योजना बनाकर की जाती हैं। पूजा के दौरान अतिथियों का पगड़ी पहनाकर स्वागत और जरूरतमंदों के बीच भोजन एवं वस्त्र का वितरण समिति की प्राथमिकता रहती है।समारोह में क्षेत्र की अन्य पूजा समितियों को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने गणतंत्र दिवस के जश्न को और भी खास बना दिया।