धनबाद/धनसार नई दिल्ली वार्ड नंबर 33 के निवासी पिछले दो वर्षों से जल संकट और सफाई की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। करीब 10,000 की आबादी पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रही है। 14 दिसंबर 2022 को मटकुरिया चेक पोस्ट से शुरू हुई पाइपलाइन परियोजना अधूरी छोड़ दी गई, जिससे जलापूर्ति अभी तक शुरू नहीं हो सकी है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम और बीसीसीएल प्रबंधन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। बीसीसीएल प्रबंधन अवैध बसावट का हवाला देकर क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित कर रहा है। वहीं, वार्ड में गंदगी का अंबार लगा हुआ है और सफाई का कोई प्रबंध नहीं है।
निवासियों ने बताया कि पोखरिया तालाब, जो स्नान और धुलाई के लिए पानी का एकमात्र स्रोत था, उसे भी बंद करवा दिया गया है। लोग कई बार पार्षद, मेयर, विधायक और सांसदों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि पाइपलाइन परियोजना को जल्द पूरा किया जाए और सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए ताकि वे अपने मौलिक अधिकारों से वंचित न रहें।