नेहरू युवा केंद्र धनबाद ने आयोजित किया सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान

Share This News

धनबाद, 23 जनवरी 2025। नेहरू युवा केंद्र, धनबाद के तत्वाधान में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत सड़क सुरक्षा अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम धनबाद के पूजा टॉकीज के समीप आयोजित हुआ, जिसमें माय भारत वॉलंटियर्स ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।अभियान के दौरान वॉलंटियर्स ने पोस्टर, पंपलेट और संवाद के माध्यम से वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने और शराब पीकर वाहन न चलाने जैसे नियमों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम से पहले नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर नेहरू युवा केंद्र धनबाद कार्यालय में जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा, राष्ट्रीय सेवा योजना के विश्वविद्यालय कोऑर्डिनेटर डॉ. मौसूफ अहमद, और सभी वॉलंटियर्स ने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके आदर्शों और देश के प्रति योगदान को याद किया गया।जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने कहा, “सड़क सुरक्षा हमारे समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। इस अभियान का उद्देश्य सुरक्षित यातायात नियमों की संस्कृति विकसित करना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है।”

अभियान में माय भारत वॉलंटियर्स सानिया, सावित्री, राजप्रिया, माहताब, मानिक, प्रियंका, खुशी, और सरफराज ने सक्रिय रूप से भाग लिया।कार्यक्रम का उद्देश्य धनबाद जिले में सड़क सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देना और नागरिकों को सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति प्रेरित करना है। यह पहल क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a comment