लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला गंभीर चिंता का विषय: मयूर शेखर झा

Share This News

धनबाद, 23 जनवरी 2025। धनबाद में पत्रकार निकेश पांडेय पर हमले और किडनैपिंग के प्रयास को लेकर भाजपा युवा नेता मयूर शेखर झा ने आज प्रेसवार्ता की। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मयूर शेखर झा ने कहा, “अगर माफिया और असामाजिक तत्वों का कानून पर से भय खत्म हो जाएगा, तो आम जनता का कानून और व्यवस्था पर विश्वास उठ जाएगा। पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और यह दर्शाता है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस प्रशासन इन्हें रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।”

उन्होंने कहा कि यह घटना पत्रकारों की सुरक्षा के प्रति प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है। जब पत्रकार, जो समाज के सामने सच्चाई लाने का कार्य करते हैं, स्वयं सुरक्षित नहीं हैं, तो यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के लिए गंभीर खतरा है।

मयूर शेखर झा ने इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से पत्रकारों की सुरक्षा के लिए विशेष उपाय करने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।

उन्होंने आगे कहा, “अब देखना यह है कि प्रशासन इस घटना को कितनी गंभीरता से लेता है और अपराधियों को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचाता है। लोकतंत्र में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।”

इस घटना ने एक बार फिर धनबाद में कानून व्यवस्था और प्रशासन की तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्रकारों और आम जनता ने भी इस मामले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Leave a comment