धनबाद: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत सोमवार को “मैं हूं धनबाद” समूह ने कुसुम बिहार कॉलोनी की महिलाओं के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह ने यातायात नियमों के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि इनका पालन करने से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
दो पहिया वाहन चालकों को सही साइज के हेलमेट पहनने की अपील की गई, जबकि चार पहिया वाहन चालकों और स्कूल वैन चालकों को सीट बेल्ट का उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार ने वाहन चालकों के लाइसेंस, हेलमेट और सीट बेल्ट की जांच की और सभी को ओवरस्पीडिंग से बचने की सलाह दी।
इस अभियान में सनोज कुमार, मो सलाउद्दीन, कल्पना झा, रिया सिंह, पूजा रत्नाकर, रेणु कौशल, संतोषी आनंद, और अन्य महिलाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।एक अन्य कार्यक्रम में जिला परिवहन कार्यालय में ए.एस.जी. आई हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आए आवेदकों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, रोड इंजीनियरिंग एनालिस्ट अमरेश कुमार, आईटी प्रभारी देवेंद्र कुमार, और ए.एस.जी. आई हॉस्पिटल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।