धनबाद, 16 जनवरी 2025: मधुबन थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई गोलीबारी, बमबाजी, आगजनी और बाघमारा एसडीपीओ पर हमले के मामले में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि धनबाद में गुंडागर्दी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएनएमएमसीएच (शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल) के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार पूरी मजबूती के साथ काम कर रही है और कानून-व्यवस्था को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर हैं और कार्रवाई तेजी से चल रही है।
डॉ. अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि धनबाद को भाजपा ने माफियाओं और लूट का अड्डा बना दिया है। उन्होंने कहा, “हम इस पर लगाम लगाएंगे। कोयला झारखंड का है, जमीन यहां की है, लेकिन मजदूर बाहर से लाए जाएंगे, यह स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने एसएनएमएमसीएच में कई खामियां पाई और कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
डॉ. अंसारी ने कहा कि कोयला क्षेत्र केंद्र सरकार के अधीन है, लेकिन राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोयला खदानों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि राज्य के संसाधनों का उपयोग झारखंड के लोगों के कल्याण के लिए होना चाहिए।