धनबाद, 16 जनवरी 2025: धनबाद साईबर पुलिस ने एक साईबर अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी कैलाश दास को तेतुलमारी थाना क्षेत्र के तिलाटांड़ से गिरफ्तार किया गया। आरोपी देवघर का निवासी है और उसे शिवन दास के घर से दबोचा गया।
साईबर डीएसपी संजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रतिबिंब ऐप के जरिए आरोपी का पता लगाया गया। कैलाश दास खुद को जियो प्राइवेट लिमिटेड, गूगल पे, फोन पे जैसी कंपनियों का अधिकारी बताकर व्हाट्सएप पर संदिग्ध लिंक भेजता था और लोगों को ठगता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करता था।
अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपी ने असम के एक व्यक्ति से 1,999 रुपये की ठगी की थी। वह अपने एक संबंधी के यहां घूमने आया था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल और दो सिम कार्ड बरामद हुए हैं।
साईबर डीएसपी ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और सतर्क रहें। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।