Breaking News

नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट के व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र एवं क्लाउड किचन का उद्घाटन

Share This News

धनबाद :शुक्रवार को मनोज अग्रवाल, बीसीसीएल सीएमडी के कर-कमलों द्वारा नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित दिव्यांगजनों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र एवं क्लाउड किचन का भव्य उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि झारखंड में यह पहली बार है जब दिव्यांगजनों के लिए इस प्रकार की समेकित पहल प्रारंभ की गई है, जिसमें प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोज़गार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे दिव्यांगजनों द्वारा संचालित क्लाउड किचन से अधिक से अधिक ऑर्डर करें, जिससे दिव्यांगजनों के जीवन-यापन में सुधार हो और वे आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि कौशल विकास और स्वरोज़गार के माध्यम से समाज के वंचित एवं दिव्यांग युवाओं को सशक्त बनाना आज की आवश्यकता है, और नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट की यह पहल इस दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।

व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र में फूड एंड बेवरेज सर्विस से संबंधित रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के अंतर्गत दिव्यांगजनों को निःशुल्क चार माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान दोपहर के निःशुल्क भोजन की भी व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षण उपरांत प्रतिभागियों को पीएम दक्ष योजना एवं डीईपीडब्ल्यूडी के माध्यम से प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे तथा नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा रोजगार उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।

वहीं, क्लाउड किचन के माध्यम से दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए पिज़्ज़ा, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज़ आदि खाद्य पदार्थ आम नागरिकों के लिए उपलब्ध होंगे, जिन्हें स्विगी एवं ज़ोमैटो जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से मंगाया जा सकेगा, साथ ही ऑफलाइन बैठकर भोजन करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा बर्थडे पार्टी,किटी पार्टी, घर बैठे ऑर्डर करने की व्यवस्था है,

कार्यक्रम में ट्रस्ट की चेयरमेन रेणु दुधानी, मारवाड़ी महिला समिति निर्मला तुलसियान ,सांसद प्रतिनिधि मिल्टन पार्थ ,डॉक्टर विभूति नाथ सुमन मित्तल ,जजम प्रतिनिधि डॉक्टर नीलम मिश्रा, सचिव अनीता अग्रवाल, सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रशिक्षणार्थी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी उपस्थितजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे दिव्यांग सशक्तिकरण एवं सामाजिक समावेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a comment