बिहार के डिप्टी सीएम और झारखंड के सीएम ने थामा एक-दूसरे का हाथ, सियासी गलियारों में हलचल

Share This News

गोड्डा (झारखंड): झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष एवं राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मुलाकात इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों नेताओं की हाथ मिलाते हुए ली गई तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

हालांकि, इस मुलाकात के पीछे कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं बल्कि एक पारिवारिक कार्यक्रम था। दरअसल, गोड्डा से राजद विधायक और झारखंड सरकार में मंत्री संजय प्रसाद यादव की दिवंगत माता स्वर्गीय प्राणवती देवी के निधन पर शनिवार को श्रद्धांजलि सभा एवं शांति भोज का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहुंचे थे।

दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह आयोजन बिहार के बांका जिले के बड़ी ढाका गांव में स्थित मंत्री संजय प्रसाद यादव के पैतृक आवास पर संपन्न हुआ।

गौरतलब है कि सम्राट चौधरी भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हैं, जबकि हेमंत सोरेन झामुमो के शीर्ष नेता हैं। दोनों दलों के बीच अक्सर राजनीतिक टकराव देखने को मिलता रहा है। ऐसे में कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं की सौहार्दपूर्ण मुलाकात और आत्मीय व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बन गया।

इस अवसर पर दोनों नेताओं ने न केवल एक-दूसरे से हाथ मिलाया, बल्कि कुछ क्षणों तक बातचीत भी की। इस दौरान उनके चेहरों पर सहज मुस्कान देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया, जिसके बाद उनका काफिला मंत्री के आवास और सभा स्थल तक पहुंचा, जहां पहले से ही बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

सुबह से ही शांति भोज का आयोजन जारी था, जिसमें आमजन से लेकर विशिष्ट अतिथियों तक के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्थानीय ग्रामीणों और मंत्री के समर्थकों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में मंत्री संजय प्रसाद यादव के साथ-साथ बिहार के बेलहर विधायक एवं मंत्री के छोटे भाई मनोज यादव भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परिजनों से मिलकर शोक की इस घड़ी में अपनी संवेदना व्यक्त की।

मौके पर मंत्री की पत्नी एवं गोड्डा की पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष कल्पना देवी, पुत्र रजनीश यादव (जो हालिया विधानसभा चुनाव में कहलगांव सीट से राजद के प्रत्याशी रह चुके हैं), पिता चंद्रशेखर प्रसाद यादव, बड़े भाई दिलीप यादव, छोटे भाई वकील यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।

इससे पहले श्रद्धांजलि सभा में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भी अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। वहीं बिहार सरकार के कई मंत्री एवं जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Leave a comment