Breaking News

रणधीर वर्मा की शौर्य गाथा: धनबाद में 34वां शहादत दिवस समारोह की तैयारियां पूरी

Share This News

धनबाद: झारखंड के महामहिम राज्यपाल माननीय श्री संतोष गंगवार आगामी 3 जनवरी को शहीद रणधीर वर्मा के 34वें शहादत दिवस पर धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस संबंध में राजभवन से पुष्टि की गई है।कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता धनबाद के सांसद माननीय श्री ढुल्लू महतो करेंगे। धनबाद के विधायक राज सिन्हा, झरिया की विधायक रागिनी सिंह, और बाघमारा के विधायक शत्रुध्न महतो भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत कलाकारों द्वारा संगीतमय श्रद्धांजलि से होगी।

रणधीर वर्मा: एक जांबाज अधिकारी की गाथा

धनबाद के वीर आरक्षी अधीक्षक रणधीर प्रसाद वर्मा 3 जनवरी 1991 को बैंक ऑफ इंडिया की हीरापुर शाखा को लूटने आए खालिस्तानी उग्रवादियों के साथ मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए। उन्होंने अपनी अंतिम सांस लेने से पहले तीन डकैतों में से एक को मौके पर ढेर कर दिया और दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसकी बाद में मौत हो गई। तीसरा डकैत भागने की कोशिश में भीड़ द्वारा पकड़ा गया और मारा गया।

रणधीर वर्मा चौक: एक ऐतिहासिक स्थल

शहीद रणधीर वर्मा की आदमकद प्रतिमा का अनावरण 1994 में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था। तब से हर वर्ष इस स्थल पर शहीद दिवस मनाया जाता है।इस कार्यक्रम में पहले भी कई प्रतिष्ठित नेता और गणमान्य व्यक्ति हिस्सा ले चुके हैं, जिनमें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, और रघुवर दास, साथ ही पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल विष्णुकांत शास्त्री का नाम शामिल है।

रणधीर वर्मा मेमोरियल सोसाइटी का योगदान

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सोसाइटी के अध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन भी श्रद्धा और सम्मान के साथ किया जाएगा। शहीद रणधीर वर्मा की बहादुरी और बलिदान की गाथा धनबाद के लोगों के दिलों में आज भी जीवंत है।

इस कार्यक्रम के माध्यम से रणधीर वर्मा के साहस और देशभक्ति को याद किया जाएगा और उनके अदम्य बलिदान को नमन किया जाएगा।

Leave a comment