धनबाद: “समर्पण – एक नेक पहल” ने समय पर रक्त उपलब्ध कराकर मानवता की मिसाल पेश की।

Share This News

धनबाद (DHANBAD): सामाजिक संस्था “समर्पण – एक नेक पहल” ने मानवता और सेवा की भावना की एक बार फिर प्रेरणादायक झलक पेश की है। संस्था की तत्परता के कारण शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद में भर्ती 58 वर्षीय मरीज नगेंद्रनाथ को समय पर रक्त उपलब्ध करवा कर उनकी जान बचाई जा सकी।

जानकारी के अनुसार, मरीज की स्थिति गंभीर होने के कारण तुरंत रक्त की आवश्यकता थी। संस्था ने परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसजेएएस ब्लड बैंक, धनबाद से तुरंत संपर्क कर रक्त की व्यवस्था सुनिश्चित की।

संस्था के संस्थापक एवं केंद्रीय अध्यक्ष दिपेश चौहान ने कहा, “रक्तदान एक जीवनरक्षक कार्य है। हमारी संस्था का मुख्य उद्देश्य यह है कि किसी भी जरूरतमंद को रक्त की कमी से परेशान नहीं होना पड़े।”

संस्था के समर्पित सदस्यों की तत्परता और सहयोग के कारण ही यह संभव हो पाया। गौरतलब है कि “समर्पण – एक नेक पहल” की स्थापना 2020 में हुई थी और तब से यह संस्था शिक्षा, रक्तदान और समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

संस्था ने आम जनता से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा, “आपका एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है।”

Leave a comment