छपरा में ‘च’ और ‘छ’ की दिलचस्प जंग: खेसारी लाल समेत कई दिग्गजों की सियासी परीक्षा तैयार!

Share This News

छपरा (बिहार): भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और अपने बोल्ड गानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले खेसारी लाल यादव अब राजनीति की पिच पर उतर चुके हैं, वो भी सीधे अपनी पत्नी के ज़रिए। आरजेडी ने खेसारी की पत्नी चंदा देवी को छपरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर भाजपा की ओर से स्थानीय नेत्री छोटी कुमारी को टिकट दिया गया है। ऐसे में भिखारी ठाकुर की धरती पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है — एक ओर भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रियता, तो दूसरी ओर स्थानीय सियासी अनुभव।

कौन हैं चंदा देवी?

चंदा देवी आम गृहणी हैं और सोशल मीडिया पर अक्सर अपने पति खेसारी लाल और बच्चों के साथ नज़र आती हैं। सादगी भरे अंदाज़ और पारंपरिक वेशभूषा के लिए वो जानी जाती हैं। खेसारी के शुरुआती संघर्ष के दिनों से ही उन्होंने पति का हर कदम पर साथ दिया। खेसारी कई बार सार्वजनिक मंचों से अपनी पत्नी की तारीफ़ करते हुए कह चुके हैं कि उनकी सफलता के पीछे सबसे बड़ा हाथ चंदा देवी का है।

सादगी से भरी पहचान

भोजपुरी इंडस्ट्री की चमक-दमक से दूर, चंदा देवी अब भी गांव की मिट्टी और संस्कारों से जुड़ी हुई हैं। साड़ी में सिर ढककर साधारण जीवन जीने वाली चंदा देवी अपनी घरेलू छवि के कारण जनता के बीच अच्छी पकड़ बना रही हैं। राजनीतिक गलियारे में लोग कह रहे हैं कि “चंदा देवी की सादगी ही उनका सबसे बड़ा हथियार है।”

खेसारी लाल का बयान

पत्नी को टिकट मिलने के बाद खेसारी लाल यादव ने कहा —
“मैं चाहता हूं कि मेरी पत्नी राजनीति में कदम रखे। वो एक गृहिणी हैं और बच्चों की ज़िम्मेदारी संभालती हैं, लेकिन समाज के लिए भी कुछ करना चाहती हैं। मैंने उन्हें प्रोत्साहित किया है और अब उन्होंने भी हामी भर दी है।”
खेसारी ने आगे कहा कि अगर जनता का साथ मिला तो ये चुनाव सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि भोजपुरी कलाकारों के सम्मान की लड़ाई भी बन जाएगा।

छपरा की सियासत में नया रंग

आरजेडी की चंदा देवी और बीजेपी की छोटी कुमारी के बीच मुकाबला अब बेहद रोचक होता दिख रहा है। दिलचस्प बात यह है कि दूसरी ओर पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह का राजनीतिक समीकरण भी सुर्खियों में है। यानी इस बार बिहार की सियासत में भोजपुरी स्टार्स का टेस्ट भी होना तय है।

Leave a comment