धनबाद की अनंदिता किशोर का चयन अंडर-19 महिला टी-20 वर्ल्ड कप टीम में, जिले में हर्ष

Share This News

धनबाद: मलेशिया में 18 जनवरी 2025 से शुरू होने वाले आईसीसी अंडर-19 महिला टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। धनबाद की प्रतिभाशाली क्रिकेटर अनंदिता किशोर ने इस टीम में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। अनंदिता को अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है, जहां वह निक्की प्रसाद की कप्तानी में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

यह टूर्नामेंट 18 जनवरी से 2 फरवरी 2025 तक आयोजित होगा। भारतीय टीम में कप्तान निक्की प्रसाद, उप-कप्तान सानिका चालके, और अन्य खिलाड़ियों के साथ अनंदिता भी अपने खेल का जलवा बिखेरेंगी। टीम में अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में जी त्रिशा, कमलिनी जी (विकेटकीपर), भाविका आहिरे (विकेटकीपर), ईश्वरी अवस्थे, मिथिला विनोद, जोशिता वी जे, सोनम यादव, पारुणिका सिसोदिया, केसरी दृति, आयुषी शुक्ला, एमडी शबनम और वैष्णवी एस शामिल हैं।

धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने इस उपलब्धि पर अनंदिता का भव्य स्वागत और सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने अनंदिता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “यह हमारे जिले के लिए गर्व का क्षण है। अनंदिता ने अपनी मेहनत और खेल कौशल से यह मुकाम हासिल किया है। हमें विश्वास है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना बेहतरीन प्रदर्शन करके देश और जिले का नाम रोशन करेंगी।”

अनंदिता के चयन से धनबाद जिले में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और स्थानीय निवासियों ने उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a comment