धनबाद। झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने सोमवार की सुबह नगर निगम धनबाद के सफाई कर्मियों का सम्मान किया। यह सम्मान समारोह सुबह 6 बजे हिरापुर मुख्य सड़क स्थित कोम्पेक्टर हाउस के पास आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी शामिल हुए।
समारोह में विधायक राज सिन्हा ने कहा कि सफाई कर्मी शहर को स्वच्छ रखने में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं। उनके अथक परिश्रम के कारण ही नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई बनी रहती है। उन्होंने सफाई कर्मियों को स्वच्छ भारत मिशन का वास्तविक सिपाही बताते हुए उन्हें सम्मानित किया और उनके कार्य की सराहना की।
राज सिन्हा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में सफाई कर्मियों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सफाई कर्मियों के अधिकार और सुविधाओं को लेकर वह हमेशा आवाज उठाते रहेंगे।
इस अवसर पर संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी सफाई कर्मियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि समाज को इनकी मेहनत का सम्मान करना चाहिए। मौके पर स्थानीय कार्यकर्ता और नगर निगम के अधिकारी भी उपस्थित रहे।